शिमला :
दिल्ली में जेपी नड्डा के भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के कार्यक्रम में शामिल होकर मंगलवार को लौटे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि अब मंत्रिमंडल विस्तार का समय आ गया है। वह अब इस मसले पर हाईकमान से चर्चा कर जल्द निर्णय लेंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के कारण कांगड़ा प्रवास में भी कुछ बदलाव करना पड़ रहा है। मंगलवार
को सचिवालय में मीडिया से बात करते हुए सीएम ने कहा कि कांगड़ा प्रवास अब फरवरी में होगा और इसे थोड़ा आगे खींचना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना राज्य के लिए गौरव की बात है। हिमाचल जैसे छोटे से प्रदेश को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। इसके लिए हम भाजपा के नेतृत्व के आभारी हैं।
जेपी नड्डा का हिमाचल आने पर भव्य अभिनंदन किया जाएगा। उनकी व्यस्तताओं से समय मिलने के बाद कार्यक्रम की तारीख निर्धारित की जाएगी। जयराम ठाकुर ने दिल्ली में भाजपा मुख्यमंत्रियों की परिषद की बैठक में भी हिस्सा लिया। ये बैठक पीएम नरेंद्र मोदी और नवनियुक्त भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ली।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम मोदी ने हिमाचल में कई क्षेत्रों में हो रहे कामों की सराहना की और दूसरे राज्यों को प्रेरणा लेने को भी कहा। साथ यह भी कहा कि केंद्र्र सरकार के फ्लैगशिप कार्यों को बेहतर ढंग से राज्यों में चलाया जाए। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के आरोप का जवाब देते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि वह ऊपर और नीचे की राजनीति नहीं करते।
यह कांग्रेस की परंपरा रही है। मेरी सरकार सबको समान नजरिये से देखती है। उन्होंने कहा कि वह खुद नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के हरोली विधानसभा में तीन से चार बार जा चुके हैं। इसके साथ-साथ ऊना, कुटलैहड़, हमीरपुर और कांगड़ा सहित तमाम क्षेत्रों का दौरा किया है।
अनुराग ठाकुर से संबंधित विवाद पर मुख्यमंत्री ने डाला पानी
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर से संबंधित हाथ मिलाने के विवाद को लेकर मीडिया से बातचीत में उन्होंने इस घटना पर खुद पानी डाल दिया। सीएम ने कहा कि जो बात बीत गई, उसे खत्म समझो। इससे ज्यादा वह कुछ नहीं कहेंगे। गौरतलब है कि डॉ. राजीव बिंदल के प्रदेश अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के कार्यक्रम में अनुराग ठाकुर ने सीएम के बढ़े हुए हाथ के बजाय पहले बिंदल से गले मिलन किया था।