मस्तराम डलैल : शिमला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का दिल्ली दौरा 30 अप्रैल तक एक्सटेंड हो गया है। अचानक हुए इस बदलाव में केंद्रीय हाईकमान सरकार और संगठन के कामकाज पर चर्चा संभव है। इस दौरान मुख्यमंत्री चीफ मिनिस्टर्स-चीफ जस्टिस कॉन्फ्रेंस में भी हिस्सा लेंगे। खास है कि 24 अप्रैल को रवाना हुए सीएम का यह सबसे लंबा दिल्ली प्रवास होगा।
हालांकि इसी बीच 27 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में हिस्सा लेने के लिए सीएम कुछ घंटों के लिए शिमला लौटेंगे। नए शैड्यूल के अनुसार सीएम अब बुधवार को सुबह नौ बजे शिमला पहुंचेंगे और सायं साढ़े तीन बजे वापस दिल्ली लौट जाएंगे। जाहिर है कि कैबिनेट की प्रस्तावित मीटिंग के लिए अभी तक एजेंडा फाइनल नहीं हुआ है। इसके पीछे बड़ी वजह यह है कि 24 अप्रैल से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और मुख्य सचिव रामसुभग सिंह दोनों ही बाहर हैं। इसके चलते मुख्यमंत्री की वापसी पर ही बुधवार सुबह कैबिनेट का एजेंडा अप्रूव होगा।
इस आधार पर मंत्रिमंडल की बैठक सुबह 10.30 बजे शुरू होगी। इसी बीच मुख्यमंत्री कुछ समय के लिए कैबिनेट को छोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्चुअल कॉन्फ्रेंस में भी जुड़ेंगे। पीएम कोरोना की संभावित चौथी लहर पर मुख्यमंत्रियों से कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। बहरहाल मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में अचानक हुए इस बदलाव के पीछे कई बड़ी वजह बताई जा रही हैं। पुख्ता सूचना के अनुसार भाजपा केंद्रीय हाईकमान ने हिमाचल में सत्ता वापसी के लिए चुनावी रण को पुख्ता करने की तैयारियां जमीनी स्तर पर मजबूत कर ली है।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री के साथ चर्चा के बाद केंद्रीय हाईकमान हिमाचल के रण को जीतने के लिए बड़े स्तर पर प्लानिंग करने के मूड़ में है। हाल ही में भाजपा के सर्वे में कई मंत्री-विधायकों के टिकट पर कैंची चलने के संकेत मिल चुके हैं। माना जा रहा है कि इन तमाम अटकलों के चलते सीएम का अगले चार दिन का एक्सटेंड हुआ दिल्ली दौरा कई मायनों में अहम होगा।
कैबिनेट में कर्मचारियों का एजेंडा, कोरोना स्थिति पर होगी चर्चा
मंत्रिमंडल की बैठक में कर्मचारियों के दो अहम मामले लाए जाने की तैयारी है। हालांकि सीएम और सीएस के दिल्ली टूअर पर होने के चलते अभी तक कैबिनेट का एजेंडा अप्रूव नहीं हुआ है। बावजूद इसके चर्चा है कि मुख्यमंत्री की कर्मचारियों पर की गई घोषणा जिसमें तीन जनवरी 2022 से पहले कार्यरत कर्मचारियों को हायर स्केल का लाभ दिया जाएगा। इसके अलावा जेओए के कर्मचारियों को क्लर्क के समकक्ष वित्तीय लाभ मिलेगा। इन दोनों ही घोषणाओं पर अंतिम फैसला कैबिनेट में होगा। इसके अलावा मंत्रिमंडल की बैठक में कोरोना की ताजा स्थिति समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।