हिमाचल दस्तक ब्यूरो शिमला ।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नवनियुक्त तीन मंत्रियों को विभागों का आवंटन कर दिया और अपने मंत्रिमंडल के कुछ अन्य सदस्यों के विभागों में भी फेरबदल किया। नए मंत्रियों में सुखराम चौधरी को बिजली विभाग दिया गया है। राकेश पठानिया को वन और युवा सेवाएं एवं खेल विभाग मिला है, जबकि राजेंद्र गर्ग खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के मंत्री होंगे। वहीं, फेरबदल के बाद राजीव सैजल स्वास्थ्य और परिवार कल्याण देखेंगे। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार को फरवरी में विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से यह विभाग खुद मुख्यमंत्री के पास था।
शहरी विकास विभाग का कार्यभार सुरेश भारद्वाज को दिया है। पहले यह विभाग सरवीण चौधरी के पास था। भारद्वाज के पास संसदीय मामलों का प्रभार भी होगा और सरवीण चौधरी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय संभालेंगी।
मुख्यमंत्री ने वित्त, गृह, पर्यटन, आबकारी और कर तथा लोक निर्माण समेत आठ विभाग अपने पास रखे हैं। परिवहन विभाग बिक्रम सिंह को दिया गया है। गोविंद सिंह ठाकुर को शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। बिक्रम सिंह उद्योग विभाग का कार्यभार भी संभालते रहेंगे। रामलाल मार्कंडेय को तकनीकी शिक्षा विभाग का प्रभार दिया गया है। कृषि विभाग वीरेंद्र कंवर को आवंटित किया गया है और उनके पास ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी भी होगी। दिसंबर 2017 में मुख्यमंत्री ठाकुर के सत्ता में आने के बाद से यह पहला मंत्रिमंडल विस्तार है।