ऊना। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार चलाने के बजाय गुटबाजी की राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी लगातार सार्वजनिक मंचों पर अपनी ही सरकार और नेतृत्व के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं, उससे साफ हो गया है कि प्रदेश कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि जब सुखविंद्र सिंह सुक्खू प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हुआ करते थे, तब भी वह पूरी पार्टी को साथ लेकर चलने के बजाय केवल अपने गुट को मजबूत करने का कार्य करते थे। आज मुख्यमंत्री बनने के बाद भी उनकी कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री प्रदेश के विकास और जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय अपने राजनीतिक समीकरण साधने और गुट विशेष को लाभ पहुंचाने में व्यस्त हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के गुटों की संख्या इतनी अधिक हो चुकी है कि उनकी गिनती करना भी मुश्किल है। हर गुट अपनी अलग राजनीति कर रहा है और इसका सीधा असर सरकार की कार्यक्षमता पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का अधिकांश समय आंतरिक खींचतान और राजनीतिक संतुलन बनाने में व्यतीत हो रहा है, जबकि प्रदेश के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के उपाध्यक्ष द्वारा दिए गए हालिया बयान का जिक्र करते हुए कहा कि जब पार्टी के शीर्ष पदों पर बैठे नेता ही अपनी सरकार और नेतृत्व पर सवाल उठाने लगें तो यह कांग्रेस की वास्तविक स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भी देख रही है कि कांग्रेस के नेता एक-दूसरे के खिलाफ खुलकर बयान दे रहे हैं और सरकार के भीतर समन्वय का अभाव है। नीरज भारती के बयान को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता और पार्टी के उपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को लेकर बेहद तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि यदि कल तक कोई व्यक्ति कांग्रेस का वरिष्ठ पदाधिकारी था और आज उसी के बारे में इस प्रकार की बातें कही जा रही हैं, तो मुख्यमंत्री को प्रदेश की जनता के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। साथ ही सरकार को भी यह बताना चाहिए कि आखिर कांग्रेस के भीतर चल क्या रहा है।








