मंडी । पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू और कांग्रेस के पूर्व मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती के बीच चल रही जुबानी जंग से सरकार की नशामुक्त अभियान की सच्चाई जनता के सामने आ गई है। मंडी में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा नीरज भारती को नशेड़ी करार दिए जाने और जवाब में नीरज भारती द्वारा मुख्यमंत्री पर खुद नशा करने के आरोप लगाने से प्रदेश सरकार के खोखले नशामुक्त अभियान की पोल खुल गई है।

उन्होंने सीधे मुख्यमंत्री से सवाल किया कि अगर नीरज भारती इतने ही बड़े नशेड़ी थे, तो कांग्रेस ने उन्हें लंबे समय तक अपनी पार्टी का उपाध्यक्ष क्यों बनाकर रखा था, जिसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष ने सुक्खू सरकार पर केवल एक गुट को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो मुख्यमंत्री भाजपा पर गुटबाजी का झूठा आरोप लगाते हैं, वे खुद संगठन से लेकर सरकार तक केवल अपने चहेतों का एक विशिष्ट गुट चला रहे हैं क्योंकि अब उनकी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता जैसे कौल सिंह ठाकुर, चंद्र कुमार और उनके बेटे नीरज भारती खुलकर सरकार की कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं, जो यह साबित करता है कि कांग्रेस के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है, जिसका स्पष्ट प्रमाण मुख्यमंत्री अपने गृह जिले में मात्र एक जिला परिषद सीट ही जीत पाए हैं और इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री के अपने विस क्षेत्र नादौन में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन जिला परिषद सीटों पर जीत का परचम लहराया है।








