सराज दौरे में जयराम ने मुख्यमंत्री और कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने गृह विस क्षेत्र के दुर्गम इलाकों बागी, बांदल, खुनाची, डगैल, पलेउनी धार और थरापड़ गांवों का दौरा कर वहां के निवासियों से मुलाकात कर समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने पंचायत चुनावों पर कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे आपसी तालमेल और विकास के एजेंडे के साथ चुनावी मैदान में उतरें।

उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनाव में तो सरकार को झटका लगेगा ही आगामी विस चुनावों में भी भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी और प्रदेश को कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों से मुक्ति दिलाकर विकास की एक नई इबारत लिखेगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठी गारंटियां देकर सत्ता में आई है।
आज हिमाचल के सबसे दुर्गम क्षेत्रों में जो सड़कों का जाल दिखाई दे रहा है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सौजन्य से ही संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि आज जिस सड़क से यहां पहुंचा हूं उसका निर्माण भी केंद्र से मिले 14 करोड़ की राशि से हुआ है।
कांग्रेस काम रोकने वाली सरकार
विरोधियों द्वारा उनके क्षेत्र में सड़कों के निर्माण पर उठाए गए सवालों का कड़ा जवाब देते हुए ठाकुर ने कहा कि 29 वर्षों से विधायक के रूप में मैंने इन दुर्गम रास्तों को पैदल नापा है और जनता के दुख-दर्द को करीब से महसूस किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार काम करने वाली नहीं, बल्कि काम रोकने वाली सरकार है, जिसने सत्ता में आते ही प्रदेश में चल रहे 2000 से अधिक जनहितकारी संस्थानों को बंद कर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री और मंत्रियों की बयानबाजी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सत्ता जनता की सेवा और विकास के लिए मिली है, न कि बदले की भावना से काम करने के लिए। कुछ लोग काम करने के बजाए जरूरत से ज्यादा बोल रहे हैं। अब तक छ: मुख्यमंत्री काम कर चुके हैं लेकिन वर्तमान मुख्यमंत्री को छोड़कर कोई इतना झूठ नहीं बोलता था। मुख्यमंत्री जनता के बीच भी झूठ बोलते हैं और विस में भी झूठ बोलकर गुमराह करते हैं।
सड़कों की हालत दयनीय
जयराम ठाकुर ने क्षेत्र की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आपदा के इतने समय बाद भी सड़कों की हालत दयनीय बनी हुई है और आगामी बरसात से पहले यदि मलबा नहीं हटाया गया, तो यह पुन: तबाही का कारण बन सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा का मुख्य उद्देश्य अंत्योदय और समग्र विकास है।








