शिमला। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार का कामकाज संस्थानों को बंद करने और उन्हें एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट करने तक ही सीमित है। यह सरकार की संकीर्ण मानसिकता और अस्थिर कार्यशैली को दिखाता है।
जयराम ठाकुर ने विशेष तौर पर अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पहले इसे नेरचौक में रखने की घोषणा हुई, फिर सुंदरनगर ले जाने की कोशिश हुई लेकिन जमीन उपयुक्त नहीं मिली। इसके बाद मंडी और यहां तक कि हमीरपुर तक के नाम सामने आए। अब सरकाघाट में शिफ्ट करने का ऐलान किया गया है। यह सिलसिला बताता है कि प्रदेश सरकार के पास कोई ठोस विज़न नहीं है।
उन्होंने कहा कि पहले से चल रहे संस्थानों को बार-बार बदलना किसी भी तरह से जनता के हित में नहीं है। यदि मुख्यमंत्री सरकाघाट जाते समय वहाँ कुछ नई सौगातें देते तो लोग उनका स्वागत करते, लेकिन उनकी प्राथमिकता केवल संस्थानों को इधर-उधर करना रह गई है।