मुनीश सूद। जयसिंहपुर
जयसिंहपुर विस क्षेत्र के कांग्रेस के पलम क्षेत्र के 20 बूथों के कार्यकर्ताओं ने रविवार को पूर्व विधायक यादविंदर गोमा के नेतृत्व में पंचरुखी में महंगाई को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ रैली निकाली और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की।
इससे पहले एकत्र हुए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक यादविंदर गोमा ने कहा कि रोज बढ़ रही महंगाई से आम आदमी को दो वक़्त की रोजी-रोटी का जुगाड़ करना मुश्किल हो गया है। पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़ने से हर चीज महंगी हो रही है तो गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से गृहिणियों का चूल्हा मुश्किल से जल रहा है।
गोमा ने कहा कि बहुत हुई महंगाई की मार अब की बार मोदी सरकार के नारे को लेकर सत्ता में आई मोदी सरकार की महंगाई को लेकर चुप्पी आम आदमी के सब्र का इम्तिहान ले रही है। गोमा ने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार हर मोर्चे ओर फेल है और जयसिंहपुर विस क्षेत्र में भी कोई नया काम विधायक नहीं कर पाए हैं। उनके कार्यकाल में जो शिलान्यास हुए हैं, उनके फिर से भूमि पूजन कर जनता को गुमराह किया जा रहा है।
गोमा ने कहा कि 2022 में पूरे प्रदेश की भाजपा की विदाई तय है और कांग्रेस का आना तय है। उन्होंने कहा कि आगामी विस चुनाव में जयसिंहपुर से भी भाजपा का तंबू उखड़ जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. एमआर गोमा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण मल्होत्रा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष बिनता ठाकुर, एससी विभाग अध्यक्ष संजय डोगरा, जिला उपाध्यक्ष जसवंत, अभिषेक सूद, युंका नेत्री व टंबर की प्रधान नेहा वर्मा सहित ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे।