हिमाचल दस्तक। पंडोह
जिला मंडी के पंडोह के अंतर्गत स्नोर घाटी में स्थित जला गांव में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और जमीन धंसने से यहां कई घर खतरे की जद में आ गए हैं। गांव के कई मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और लोगों को अपना घर छोडक़र रिश्तेदारों के यहां शरण लेने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
भारी बारिश के चलते जला गांव में शशि कुमार का 8 कमरों वाला मकान सहित 5 दुकानें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। प्रभावित शशि कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी जीवन भर की कमाई इस मकान को बनाने में लगा दी थी, लेकिन कुदरत के कहर ने सब कुछ तबाह कर दिया।
इसके अलावा आपदा से तपे राम, लच्छी राम, हेम सिंह, हरि और वेद राम जैसे ग्रामीणों के मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं हालात की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा।
वहीं, प्रभावित ग्रामीणों ने कहा कि लगातार हो रही बारिश से जमीनें दरक रही हैं, जिससे गांव के कई और घरों को खतरा पैदा हो गया है। हालांकि प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आधे दर्जन से ज्यादा मकानों को खाली करवा दिया है। शशि कुमार और अन्य प्रभावितों ने प्रशासन से जल्द से जल्द उन्हें उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है ताकि वे अपने जीवन को फि र से पटरी पर ला सकें।
उधर, औट के पटवारी पंकज कुमार ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित लोगों के नुकसान का आकलन किया और उन्हें जल्द से जल्द राहत पहुंचाने के लिए रिपोर्ट तैयार की।





