ज्वालामुखी। ज्वालामुखी मुख्य मंदिर मार्ग के साथ बने शिव मंदिर में लुधियाना से आए एक श्रद्धालु का शव खून से लथपथ संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही ज्वालामुखी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

शव की स्थिति और गले पर मिले कट के निशानों को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए धर्मशाला से फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय गुरबक्श सिंह पुत्र अमेर जीत सिंह निवासी गांव बोपा राय कलां लुधियाना के रूप में हुई है। एएसपी आरपी जसवाल और थाना प्रभारी संदीप पटियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही मामले को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए।
हत्या या आत्महत्या, पुलिस कर रही जांच
हत्या या आत्महत्या पुलिस दोनों पहलुओं को देख कर मामले की जांच कर रही है। वहीं घटना को लेकर मंदिर मार्ग पर लगे सी सी टी वी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। इसी बीच कुछ कैमरों में युवक रात के समय मंदिर के आस पास चक्कर लगाता हुआ देखा गया। हालांकि पुलिस को युवक के पास ऐसा कोई भी नोट बरामद नहीं हुआ है जिससे घटनाक्रम से पर्दा उठ सके।
मंदिर के अंदर खून से लथपथ पड़ा था शव
मंदिर मार्ग पर स्थित शिव मंदिर में युवक का शव खून से सना हुआ पड़ा था। जब सुबह स्थानीय दुकानदारों ने मंदिर के अंदर पड़ा शव देखा तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने मौके पर आकर शव के पास पड़ा कटर बरामद किया, साथ ही मामले की कारवाई शुरू की।








