हिमाचल दस्तक। झंडूता
झंडूता में रविवार को झंडूता ब्लॉक कांग्रेस की ओर से चुने हुए पंचायत प्रतिनिधियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें ब्लॉक कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश चंदेल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
इस कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान एवं विवेक कुमार सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी काफी संख्या में मौजूद रहे। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान ने कहा कि केंद्र की वर्तमान मोदी सरकार हर क्षेत्र में नाकाम साबित हुई है। मोदी सरकार के कार्यकाल में महंगाई पूरे चरम पर है।
इसके चलते रसोई गैस के दाम आए दिन बढ़ रहे हैं। इस कारण अब एलपीजी आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है। वहीं दालों व फल सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने प्रदेश भाजपा सरकार के बजट को भी जनविरोधी करार दिया। इससे पहले ब्लॉक कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र शर्मा व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया।