हिमाचल दस्तक । बंज़ार
कुल्लू जिला के उपमंडल बंज़ार के जीभी -बंज़ार सडक़ की हालत इन दिनों बेहद जर्जर हो गई है । सडक़ की हालत खराब होने से घाटी के लोगों सहित देश विदेश से आने वाले पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । बता दें, कि सडक़ की दुर्दशा इस कदर खराब हो चुकी है कि अब वाहन चालकों को इस सडक़ पर गाड़ी चलाना भी मुश्किल हो रहा है । गत दो दिन पहले हुई बारिश के बाद बंज़ार-जीभी सडक़ की स्थिति और बिगड़ गई है । जगह-जगह गड्ढे इतने गहरे बन चुके हैं कि वाहन भी कई जगहों से निकालने कठिन हो रहे हैं ।
सडक़ पर ख़ुद ही मुरम्मत करते नजऱ आए चालक
शुक्रवार को बंज़ार-जीभी सडक़ पर सफऱ कर रहे कई लोगों के वाहन रास्ते में फंस गए, बारिश से सडक़ काफी क्षतिग्रस्त हुई है, जिससे वाहन निकालने में काफी दिक्कते पेश आई । वाहन चालक बंज़ार-जीभी सडक़ पर ख़ुद ही मुरम्मत करते नजऱ आए । सडक़ पर पड़े गड्ढों को वाहन चालकों ने ख़ुद भरा, जिसके बाद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन निकाले ।
टूटी सड़क लोगों के लिए बनी आफत
उपमंडल बंजार के लोगों की मानें तो गत दो दिनों पहले हुई बारिश से बंजार-जीभी सडक़ की हालत बेहद दयनीय हो गई है । सडक़ पर कीचड़ और टूटी सडक़ें लोगों के लिए आफत बन गई हैं । इस मार्ग पर सफर करना वाहन चालकों और टूरिस्ट के लिए सिरदर्द बन गया है । बहरहाल शुक्रवार को बंज़ार-जीभी मार्ग पर लोग जगह जगह गड्डे ख़ुद भरते दिखे और सडक़ की बदहाली को लेकर विभाग की प्रश्नप्रणली पर सवाल उठाए ।
एनएच आनी के अधिशासी अभियंता किशोरी लाल ने बताया कि तंग सडक़े भी बंज़ार-जीभी में जाम की स्थिति पैदा कर रही है । जिस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । टूरिस्टों के वाहन सडक़ किनारे खड़े होने से जाम की स्थिति भी अधिकतर जगहों पर बन रही है । सडक़ की हालत बारिश के बाद ज़्यादा खराब हो गई है । सडक़ दुरुस्त करने को लेकर विभाग जुटा है।





