जोगिंद्रनगर। मंडी-पठानकोट एनएच पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। ये हादसा जोगिंद्रनगर उपमंडल के एहजू के समीप हुआ और स्कूली छात्रा की मौत हो गई। सुबह के समय स्कूल जा रही ये छात्रा तेज रफ्तार टैंपो की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया , यहां पर उसने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार 17 वर्षीय अनु पुत्री पुन्नू राम एहजू निवासी बैजनाथ के सरकारी स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रही थी। आज सुबह वह मचकेहड़ स्थित अपने मामा के घर से स्कूल जा रही थी। इसी दौरान एहजू के समीप सड़क पार करते समय वह एक तेज रफ्तार टैंपो की चपेट में आ गई।
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल छात्रा को स्थानीय लोगों ने बैजनाथ अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।








