हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला
शिमला के कच्ची घाटी वार्ड में वीरवार को 8 मंजिला भवन धराशायी हो गया है। इसके साथ ही 3 घर और खतरे की जद में हैं। शहर में हो रही बारिश के चलते जगह-जगह भू-स्खलन की घटना पेश आ रही है।
कच्ची घाटी की दर्शन कॉटेज में वीरवार सुबह से ही मकानों की नींव से मिट्टी गिरने का सिलसिला जारी था। दोपहर तक देखते ही देखते 8 मंजिला भवन धराशायी हो गया।
इस भवन के गिरने से आसपास के घरों पर भी खतरा मंडरा रहा हैै। आसपास के परिवार भी खौफ के साए में हैं। कच्ची घाटी में सुबह से ही लोग खौफ में थे। दरअसल सुबह से लोगों के घरों के नींव से मिट्टी खिसक रही थी।
दोपहर तक जब मिट्टी गिरने का सिलसिला बढ़ता गया, तो ऐसे में आसपास के लोगों ने प्रशासन को स्थिति से अवगत करवाया। लोगों ने स्थानीय पार्षद को बताया, पार्षद ने नगर निगम और जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दी।
खतरे को ध्यान में रखते हुए 8 मंजिला भवन में रह रहे 7 परिवारों से समय पर घर खाली करवा दिया। वहीं मौके पर जिला प्रशासन व नगर निगम की टीम पहुंच गई थी। इसके अलावा जैसे ही भवन के धराशायी होने की सुचना मिली शहरी विकास मंत्री भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। मौक़े पर प्रभावित लोगों और परिजनों से मिलने शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह भी पहुंचे हैं।