सिरमौर। औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां गत्ते के डिब्बे (कार्टन) बनाने वाले एक उद्योग में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप धारण किया कि देखते ही देखते पूरा उद्योग लपटों से घिर गया। इस खौफनाक मंजर को देखकर पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया और दहशत फैल गई।

उक्त उद्योग में गत्ते के डिब्बे बनाने का काम होता था। उद्योग के अंदर भारी मात्रा में कच्चा माल, तैयार डिब्बे (कार्टन) और महंगी मशीनरी रखी हुई थी, जो आग की पूरी तरह चपेट में आ गई। आग इतनी भयंकर थी कि इमारत को भी भारी नुकसान पहुंचा है और अंदर रखा लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग तुरंत हरकत में आए।
कालाअम्ब के अलावा हरियाणा के नारायणगढ़ और नाहन से फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए लगातार पानी की बौछारें कीं, ताकि आग को अन्य उद्योगों तक फैलने से रोका जा सके। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया और राहत-बचाव कार्य में पूरा सहयोग किया।
इस घटना में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि किसी भी कर्मचारी या व्यक्ति के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक शुरूआती जांच में आग लगने की वजह बिजली की तारों में शॉर्ट सर्किट होना मानी जा रही है। इस घटना में उद्योगपति को करोड़ों रुपए का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।








