कालाअंब। पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे 07 पर बुधवार सुबह रेत से लगा एक ट्राला अचानक पलट गया। हादसे के दौरान उद्योग में कार्यरत कामगारों की पार्किंग में खड़ी 6 बाइकें रेत की चपेट में आ गईं। हालांकि, बाइकों को नुकसान पहुंचा है। गनीमत ये रही कि इस दौरान बड़ा हादसा टल गया। ये हादसा उसी स्थान पर पेश आया, जहां कुछ वक्त पहले भी एक ओवरलोड ट्राला पलटा था। उस दौरान बाइकों को काफी नुकसान हुआ था।

जानकारी के अनुसार ये ट्राला सुबह के वक्त रेत लेकर कालाअंब की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन मोगीनंद के समीप सलानी पुल से पहले सडक़ के ढलान पर पहुंचा, तो चालक अचानक संतुलन खो बैठा और वाहन सडक़ किनारे फैक्टरी की चारदीवारी के समीप पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
पुलिस को दिए बयान में चालक ने बताया कि घटनास्थल पर सडक़ तंग होने और बारिश के बीच ब्रेक के काम न करने के कारण कैबिन छोडक़र वाहन का पिछला हिस्सा अचानक पलट गया। पुलिस के अनुसार हादसे की जांच की जा रही है। बहरहाल, ट्राले को क्रेन की मदद से सडक़ किनारे से हटा दिया है।







