नाहन । कालाअंब में सुरक्षा नियमों की अनदेखी के चलते एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां एक उद्योग की भट्टी में अचानक हुए जोरदार धमाके में 4 मजदूर बुरी तरह झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस खौफनाक हादसे को लेकर पुलिस ने कंपनी प्रबंधन की लापरवाही मानते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

ये मजदूर हुए हैं घायल
हादसे का शिकार हुए मजदूर हरियाणा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में हरियाणा (अंबाला) के नारायणगढ़ निवासी अमरजीत ने बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ उद्योग की भट्ठी पर काम कर रहा था। तभी अचानक भट्ठी में एक जोरदार ब्लास्ट हुआ और गर्म लोहा उनके ऊपर गिर गया। इसके चलते वह (अमरजीत), ओमकार निवासी देवघर (झारखंड), उस्मान निवासी सीतापुर (उत्तर प्रदेश) व काशीदास निवासी पूर्णिया (बिहार) घायल हो गए।
कालाअंब थाने में शिकायतकर्ता अमरजीत के बयानों के आधार पर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उद्योग में मजदूरों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे या नहीं और भट्ठी में धमाका किन कारणों से हुआ।-एनएस नेगी, एसपी सिरमौर।







