धर्मशाला । कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी से बेहद दुखद खबर सामने आई है। नौसेना के विशिष्ट मरीन कमांडो शौर्य चक्र विजेता अमित सिंह राणा (32) की एक कार हादसे में मौत हो गई है।

जानकारी के अनुसार, कांगड़ा के ज्वालामुखी के देहरा के खुंडियां के लाहड़ू में सोमवार देर रात अमित की कार का एक्सीडेंट हो गया। इस दौरान उनकी कार 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी और उनकी मौत हो गई। मंगलवार को उनके पैतृक गांव में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि अमित राणा छुट्टी पर घर आए थे और सोमवार सुबह ही घर पहुंचे थे। इस बीच देर रात वह एक दोस्त से मिलकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान लाहड़ू के पास एक खतरनाक मोड़ पर उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि हादसा रात करीब 11 बजे हुआ था। अमित राणा माता-पिता के इकलौते बेटे थे और उनकी दो बहनें हैं। उनके पिता सेना में सूबेदार हैं। अमित सिंह राणा की शादी हो चुकी थी और चार साल का बेटा भी है।

ऑपरेशन रक्षक में दिखाई थी अदम्य वीरता
अमित राणा नौसेना में मरीन कमांडो दस्ते मार्कोस में तैनात थे। वर्ष 2018 में जम्मू-कश्मीर में ‘ऑपरेशन रक्षकÓ के दौरान कई आतंकवाद विरोधी अभियानों में हिस्सा लिया। साल 2021 में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें देश के प्रतिष्ठित वीरता पुरस्कार ‘शौर्य चक्रÓ से सम्मानित किया था।








