धर्मशाला। कांगड़ा जिला की विशेष अदालत ने चिट्टा और चरस के साथ-साथ नशा तस्करी के मामलों में सख्ती बरतते हुए भुक्की तस्करी के एक मामले में दो आरोपियों को 10-10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश-तीन कांगड़ा स्थित धर्मशाला की अदालत ने दोनों दोषियों पर एक-एक लाख रुपये जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा न करने की सूरत में छह-छह माह का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा। दोनों सजाएं साथ-साथ चलेंगी।

मामला पुलिस थाना डमटाल में एक अक्टूबर 2020 को दर्ज किया गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में नशीले पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डमटाल स्थित हिल टॉप मंदिर के पास खड़े ट्रक नंबर जेके-03डी-8971 की स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में तलाशी ली।
इस दौरान ट्रक में सेब की पेटियों के बीच छिपाकर रखे गए 12 बोरों से 363 किलो 18 ग्राम भुक्की बरामद हुई थी। ट्रक में उमर इब्राहिम निवासी बारामूला और हिलाल कादिर भट्ट निवासी बारामूला (जम्मू-कश्मीर) सवार थे। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से 22 गवाह पेश किए गए। अदालत ने साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर दोनों आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 15 और 29 के तहत दोषी करार दिया।
अदालत ने 31 अक्टूबर को दोषसिद्धि का फैसला सुनाया, जबकि दो नवंबर को सजा का आदेश जारी किया। सरकार की ओर से मामले की पैरवी उप जिला न्यायवादी विवेक डोगरा ने की, जबकि नायब कोर्ट दीपिका भी इस दौरान मौजूद रहीं।








