धर्मशाला । पुलिस जिला कांगड़ा के तहत मनसिंबल के एक होटल में पनीर में अधिक नमक होने की शिकायत को लेकर शुरू हुआ विवाद कथित रूप से मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस थाना भवारना ने मनसिंबल निवासी 23 वर्षीय आशिष ने शिकायत में बताया कि वह देर रात अपने दोस्तों के साथ होटल में खाना खाने गया था। पनीर में अधिक नमक होने पर उसके मित्र पारस ने कैफे संचालक पदम देव से इसे बदलने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात पर कहासुनी हो गई और कैफे संचालक ने गाली-गलौज करते हुए पारस का मोबाइल फेंक दिया तथा उसे थप्पड़ मार दिया। उसके बाद एक व्यक्ति अतुल आया और शिकायतकर्ता को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद अतुल ने अपनी जेब से पिस्टल निकाला और हवा में फायर कर दिया। विवाद के बाद अतुल ने करीब दो बार फायर किए । उसके बाद दोनों आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की। उसके थोड़ी देर बाद अलोक नामक व्यक्ति वहां पर आया तथा वह भी मारपीट करने लगा।
अलोक ने पिस्टल शिकायतकर्ता के सिर पर तान दिया तथा पिस्टल मुंह में डालने की कोशिश करने लगा तथा जान से मारने की धमकियां देने लगा। शिकायत में बीच-बचाव को आए अन्य युवक पंकज पर पिस्तौल से हमला करने के आरोप लगाए गए हैं। घटना के बाद मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवारना पहुंचाया। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना भवारना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 351(2), 352, 127(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज कर लिया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी कांगड़ा ने बताया कि पुलिस जांच जारी है।








