कांगड़ा । कांगड़ा में ट्रेन की चपेट में आने से एक 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक हादसा नूरपुर के निकट बासा बजीरां में हुआ। मृतक की पहचान बासा बजीरां निवासी अंकुश भंडारी (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 10 बजे अंकुश अपने काम से घर वापस लौट रहा था। अंकुश जब नूरपुर रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूरी पर स्थित आपातकालीन रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचा तो जोगिंद्रनगर से पठानकोट की ओर जा रही रेलगाड़ी को देखकर घबरा गया। पटरी को जल्दबाजी में पार करने के प्रयास में अचानक उनका पैर फिसल गया और वह ट्रैक पर ही गिर गया। जबतक अंकुश संभलकर ट्रैक से हट पाता, तबतक वह ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) कांगड़ा के हेड कांस्टेबल अजय कुमार ने हादसे की आधिकारिक पुष्टि की है।







