कार अनियंत्रित होकर लगभग 20 फीट गहरी खाई में गिरी, पुलिस कर रही जांच
कांगड़ा। कांगड़ा जिले के परागपुर के गरली में कार हादसे में पटवारी प्रदीप कुमार की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पटवारी प्रदीप कुमार अपनी कार से गरली-मूही मार्ग पर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर लगभग 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

बताया जा रहा है कि जब देर रात तक वह अपने घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई पता न चलने पर परिजनों ने पुलिस थाना में गुमशुदगी की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पूरी रात क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया और फिर कार खाई में मिली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। रक्कड़ थाना प्रभारी इल्म दीन ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।








