धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा घाटी में पिछले करीब चार साल से बंद पड़ी रेल सेवा मंगलवार से बहाल हो गई है। हिमाचल-पंजाब सीमा के साथ पठानकोट में चक्की रेल पुल के पुनर्निर्माण के चलते यह संभव हो पाया है जिससे रेल कनेक्टिविटी को दोबारा से नई उड़ान मिली है। पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर और सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने आज कांगड़ा रेलवे स्टेशन से नैरो गेज ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रेल सेवा का शुभारंभ किया। इस मौके पर कांगड़ा के विधायक पवन काजल और विधायक ठाकुर रणबीर सिंह निक्का, रेलवे के डीआरएम विवेक कुमार भी मौजूद रहे।

पर्यटन को मिलेगा बड़ा बूस्ट
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार का लक्ष्य है कि हिमाचल के हर कोने को रेल सेवा से जोड़ा जाए। कांगड़ा की ये ट्रेन उसी संकल्प का हिस्सा है। नैरो गेज ट्रेन के शुरू होने से कांगड़ा-धर्मशाला क्षेत्र में पर्यटन को बड़ा बूस्ट मिलेगा। साथ ही स्थानीय लोगों को आवागमन की सुविधा और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
चक्की नदी पर रेलवे पुल बह जाने के कारण रेल सेवा हुई थी बंद
गौरतलब है कि वर्ष 2022 में बाढ़ के कारण हिमाचल प्रदेश और पंजाब की सीमा पर स्थित चक्की नदी रेलवे पुल बह जाने के कारण पठानकोट से कांगड़ा की ओर रेल सेवा पूरी तरह बाधित हो गई थी। चक्की नदी पर इस पुल के पुनर्निर्माण की मांग को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया गया जिस पर कार्यवाही करते हुए पुल के निर्माण का कार्य रेल मंत्रालय द्वारा शुरू कराया गया। करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से बने नए पुल का निर्माण आधुनिक तकनीक से किया गया है। रेल सेवा की बहाली से देवभूमि में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।
प्राकृतिक आपदा के लिए केंद्र से मांगे 111 करोड़
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के लिए केंद्र सरकार से 111 करोड़ की मांग कर रहे हैं। भाजपा संकट में साथ हर हिमाचली में साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने केंद्रीय बजट 2026-27 में देवभूमि हिमाचल प्रदेश को रेल नेटवर्क के विस्तार, आधुनिकीकरण, सुरक्षा परियोजना और विद्युतीकरण के लिए 2911 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। मोदी सरकार का हिमाचल में रेल नेटवर्क के विकास में सदा ही विशेष योगदान रहा है और यह मंजूर राशि कांग्रेस सरकार द्वारा दी गई राशि से 27 गुना अधिक है।

ये रहेगी ट्रेनों की टाइमिंग
रेलवे प्रशासन ने बताया कि पठानकोट से बैजनाथ-पपरोला तक चलने वाली ट्रेन 52465 सुबह पांच बजे पठानकोट से रवाना होकर दोपहर 12 बजे पहुंचेगी। ट्रेन 52467 सुबह सात बजे प्रस्थान कर दोपहर 1:40 बजे बैजनाथ पपरोला पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 52470 दोपहर 2:15 बजे बैजनाथ पपरोला से चलकर रात 9:45 बजे पठानकोट पहुंचेगी, जबकि ट्रेन 52474 दोपहर 3:40 बजे प्रस्थान कर रात 10:50 बजे पठानकोट पहुंचेगी। रेलगाड़ियां डलहौजी रोड, कंडवाल, नूरपुर रोड, तलाड़ा, भरमाड़, जवां वाला शहर, हरसर देहरी, नगरोटा सूरियां, गुलेर, ज्वालामुखी रोड, कांगड़ा, कांगड़ा मंदिर, नगरोटा, चामुंडा मार्ग, पालमपुर, पंचरुखी और मझैरणा में रुकेंगी।
जोगेंद्रनगर सेक्शन पर एक ट्रेन अप-डाउन करेगी
बैजनाथ पपरोला-जोगेंद्रनगर सेक्शन पर भी ट्रेन सेवाएं बहाल की हैं। ट्रेन संख्या 52473 सुबह आठ बजे बैजनाथ पपरोला से रवाना होकर ऐहजू स्टेशन पर ठहराव के बाद सुबह 9:35 बजे जोगेंद्रनगर पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 52472 दोपहर 12:50 बजे जोगेंद्रनगर से चलकर दोपहर 2:30 बजे बैजनाथ पपरोला पहुंचेगी।
नूरपुर रोड, ज्वालामुखी रोड से पपरोला तक भी चलेंगी
नूरपुर रोड से बैजनाथ पपरोला सेक्शन पर ट्रेन संख्या 52471 दोपहर 2:10 बजे रवाना होकर रात 8:50 बजे बैजनाथ पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 52462 सुबह 6 बजे बैजनाथ पपरोला से चलकर दोपहर 12:50 बजे नूरपुर रोड पहुंचेगी। इसी तरह ज्वालामुखी रोड से बैजनाथ पपरोला सेक्शन पर ट्रेन 52469 दोपहर 2:30 बजे रवाना होकर शाम 5:50 बजे बैजनाथ पहुंचेगी। ट्रेन 52464 सुबह 9:30 बजे बैजनाथ पपरोला से चलकर दोपहर 1:30 बजे ज्वालामुखी रोड पहुंचेगी।








