मनोज शर्मा। दाड़लाघाट : ग्राम पंचायत पारनु के कंसवाला गांव चकाचौंध के इस युग में भी अपनी पुरातन संस्कृति तथा परंपरा को बदस्तूर संजोए हुए है। इस गांव में सदियों से दीपावली के दूसरे दिन आज भी करयाले का आयोजन बड़े उत्साह और धूमधाम से होता है। ग्रामीण परिवेश में प्रचलित करयाला आज भी लोग बड़े उत्साह तथा उमंग से देखते हैं।
इस बार इस आयोजन के मुख्य अतिथि के रुप में अर्की मंडल भाजपा के सचिव नीम चंद ठाकुर ने शिरकत की। गांव में पहुंचने पर उन्होंने पहले ग्राम सुधार सभा द्वारा निर्मित स्वागत द्वार का रिबन काटकर उद्घाटन किया। तदुपरांत गांव के मध्य स्थित चौंरी नामक स्थल पर करयाले का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया। ग्राम सुधार सभा के प्रधान नरेश कुमार ने मुख्य अतिथि को शॉल टोपी भेंट की।मुख्य अतिथि ने कंसवाला वासियों तथा वहां की ग्राम सुधार सभा के सभी सदस्यों की सराहना की कि उन्होंने इस पुरातन परंपरा को जीवित रखा है उन्होंने कहा आने वाली पीढ़ी पुरानी संस्कृति को दरकिनार करती जा रही है।
पारंपरिक संस्कृति ही हमारे संस्कारों की द्योतक है इसे बचाना अति आवश्यक है। उन्होंने ग्राम सुधार सभा को 81 सौ रुपए दान दिए। उनके साथ विशेष अतिथि के रुप में सन्याडी मोड़ के पूर्व प्रधान भगतराम गौतम भी उपस्थित थे। उन्होंने भी सुधार सभा को 501 की राशि भेंट की। खेमराज भोला पूर्व उपप्रधान पारनू पंचायत ने भी 11 सौ रुपए की राशि ग्राम सुधार सभा को दान दी।
रूपलाल महाजन ने ग्राम सुधार सभा को 1100 की राशि दान दी। तदुपरांत मांद्री से आए करयाला कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन करते हुए सभी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस आयोजन में विजय कुमार, मदन मोहन, अमरचंद, फौजी मनीराम ठाकुर जमुनादास रामचंद्र, इनु, नरेंद्र, लालचंद, मेहर चंद दिनेश कुमार व अन्य सभी ग्राम सुधार सभा के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।