हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला : राज्य के नए मुख्य सचिव अनिल खाची का जन्म 22 जून 1963 को हुआ है। वह हिमाचल काडर के 1986 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इनकी शिक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफन्स कॉलेज और दिल्ली स्कूल ऑफ इक्नॉमिक्स से हुई है। अनिल खाची के पास 33 साल का प्रशासनिक अनुभव है।
इन्होंने हिमाचल प्रदेश में उपायुक्त कुल्लू, आबकारी एवं कराधान आयुक्त, सचिव वित्त, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और श्रम, औद्योगिक विकास निगम और हिमाचल प्रदेश वित्त निगम के प्रबंध निदेशक सहित कई अन्य महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। जून, 2010 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने से पहले वह मुख्य चुनाव अधिकारी रहे और 2009 के संसदीय चुनावों का सफलतापूर्वक संचालन कर चुके हैं। वे प्रदेश सरकार में अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त के रूप में कार्य कर चुके हैं। उन्होंने दिल्ली में यूआईडीएआई में डिप्टी डायरेक्टर जनरल के रूप में कार्य किया, जहां पर उन्होंने आधार के लिए नामांकन प्रणाली के डिजाइन और इसे लागू करने का काम किया।
इन्होंने श्रम और रोजगार मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में कार्य किया, जहां पर उन्हें बाल श्रम और महिला श्रम से संबंधित सभी मामलों के साथ मंत्रालय के प्रशासनिक कार्यों का जिम्मा सौंपा गया। उन्होंने कानून व न्याय मंत्रालय की संसदीय स्थायी समिति के माध्यम से बाल श्रम निषेध अधिनियम 1986 केसंशोधन में अहम रोल निभाया। उन्होंने ईपीएफ संशोधन पर कार्य शुरू कर लघु और मध्यम उपक्रमों के लिए संयोजन श्रम अधिनियम के लिए कार्य किया। अनिल कुमार खाची निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग वित्त मंत्रालय में सचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं। वह भारतीय खाद्य निगम में मुख्य सतर्कता अधिकारी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
खाची के मुख्य सचिव बनने पर कुमारसैन में बांटे लड्डू
कुमारसैन-रामपुर। शिमला जिला के कुमारसैन के रहने वाले अनिल खाची के प्रदेश सरकार में मुख्य सचिव नियुक्त किए जाने पर कुमारसैन क्षेत्र में खुशी की लहर है। बुधवार को कुमारसैन बाजार में नववर्ष के आगमन और खाची के मुख्य सचिव बनने पर लड्डू बांटकर जश्न मनाया गया। गौर हो कि यह पहला अवसर है जब कुमारसैन क्षेत्र से इस ओहदे पर किसी की नियुक्ति हुई है।
कुमारसैन पंचायत के पूर्व प्रधान चुन्नीलाल वर्मा, अतुल शर्मा, पीपीखाची, उज्जवल सैन मैहता, हरनाम, प्रवीन वर्मा, जार पंचायत प्रधान आरती निर्मोही, हेमंत, राजेश, विनोद कंवर, योद्धराज ठाकुर, हरीश भ्रौटा, नरेश कैंथला, रूपेश कंवल ने खाची का बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।