बिलासपुर । हिमाचल सरकार द्वारा पंजाब-हिमाचल सीमा पर लगाए गए एंट्री टैक्स और टोल नाकों के विरोध में चल रहे आंदोलन ने बुधवार को नया मोड़ ले लिया। संघर्ष का कोई समाधान सामने नहीं आने पर शिरोमणि जरनैल साहिबजादा बाबा जुझार सिंह निहंग सिंह खालसा दल ने अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कीरतपुर-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड़ा के समीप खालसा एंट्री टैक्स नाका स्थापित कर दिया।

हिमाचल पंजीकरण नंबर वाले वाहनों से वसूला गया टैक्स
बाबा अछर सिंह के नेतृत्व में लगाए गए इस नाके पर हिमाचल प्रदेश पंजीकरण नंबर वाले वाहनों से टैक्स वसूला जाने लगा। इस दौरान पंजाब की ओर आने वाले हिमाचल के सभी वाहनों को रोककर उनसे टैक्स लिया गया। वसूला गया कर कोई निश्चित राशि नहीं था, जिसने जो दिया, वह स्वीकार कर लिया गया। इस दौरान नाके पर बड़ी संख्या में निहंग सिंह मौजूद रहे।
अस्थायी नाके के कारण वाहनों की आवाजाही हुई प्रभावित
राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाए गए इस अस्थायी नाके के कारण कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। हालांकि संगठन के कार्यकर्ता वाहनों को रोककर निर्धारित राशि लेने के बाद आगे जाने दे रहे थे।
कहा-समस्या का समाधान होने तक संघर्ष रहेगा जारी
खालसा दल के नेता बाबा अछर सिंह ने कहा कि जब तक हिमाचल सरकार पंजाब के लोगों और वाहन चालकों पर लगाए गए टैक्स को वापस नहीं लेती या इस मुद्दे का स्थायी समाधान नहीं निकालती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।








