हिमाचल दस्तक। किन्नौर
जिला किन्नौर में भूस्खलन स्थल से 6 और शव बरामद किए जाने के बाद बचाव और तलाशी अभियान के चौथे दिन शनिवार को मृतक संख्या बढ़कर 23 हो गई, जबकि 5 अभी भी लापता हैं। इनमें 3 युवक व 2 महिलाएं शामिल हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
राज्य आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने बताया कि निचार तहसील में राष्ट्रीय राजमार्ग 5 पर चौरा गांव में मलबे से 6 शव निकाले गए। उन्होंने कहा कि बाकी लापता लोगों की तलाश और बचाव अभियान जारी है।
इस बीच, भूस्खलन वाले स्थान पर पत्थरों के गिरने की लगातार घटनाओं को देखते हुए, निचार अनुविभागीय जिलाधिकारी(एसडीएम) मनमोहन सिंह ने जनता की सुरक्षा के लिए इस स्थान पर रात 9 बजे से सुबह 9 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों को प्रतिबंधित करने का आदेश दिया है।