हिमाचल दस्तक। किन्नौर
किन्नौर जिले में भूस्खलन वाली जगह से शुक्रवार को एक और शव मिलने के बाद इस प्राकृतिक हादसे में मरने वालों की संख्या 15 हो गई है। यह जानकारी वरिष्ठ आपदा प्रबंधन अधिकारी ने दी।
बुधवार को किन्नौर जिले के चौरा गांव के निकट हुए भूस्खलन के बाद से अब भी लापता 15 लोगों को खोजने के लिए शुक्रवार सुबह
बचाव अभियान पुन: आरंभ किया गया। बुधवार को 10 लोगों के शव मिले थे तथा 13 घायलों को बचा लिया गया था। वीरवार को 4 और शव बरामद हुए थे। इसके बाद इस आपदा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई थी।
राज्य आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने बताया कि तलाश एवं बचाव अभियान सुबह साढ़े 5 बजे पुन: आरंभ किया गया। अधिकारियों ने वीरवार रात को अभियान स्थगित कर दिया था।
मोख्ता ने बताया कि बोलेरो गाड़ी के यात्रियों समेत मलबे में दबे होने की आशंका है लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि वाहन मलबे के साथ नीचे की ओर लुढ़क गया हो। स्थानीय पुलिस के सदस्य, होमगार्ड, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रहे हैं।