हिमाचल दस्तक। किन्नौर
किन्नौर जिले के निगुलसरी में भूस्खलन वाली जगह से 2 और लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जिससे भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है, जबकि 3 लोग अभी भी लापता हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। बीते बुधवार भूस्खलन के बाद लापता हुए लोगों की तलाश एवं बचाव कार्य जारी हैं।
राज्य आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश कुमार मोखता ने बताया कि भावानगर थाना प्रभारी की तरफ से उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक सोमवार को निछार तहसील में राष्ट्रीय राजमार्ग पांच पर चौरा गांव से मलबे से दो और लोगों के शव बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि रविवार रात को रोका गया तलाश एवं बचाव अभियान सोमवार सुबह फिर से शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि एक एसयूवी और उसमें सवार यात्रियों जिनके मलबे के नीचे दबे होने की आशंका थी, उनका अब तक पता नहीं चल सका है। साथ ही कहा कि यह संभव है कि वाहन मलबे के साथ नीचे गिर गया हो।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), स्थानीय पुलिस और होमगार्ड के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। घटना के दिन 10 शव बरामद किए गए थे और 13 लोगों को सुरक्षित निकाला गया था। इससे पहले बुधवार को तलाश एवं बचाव अभियान के दौरान एक टैक्सी में 8 शव बरामद किए गए थे।
बुधवार को 2 कारें भी क्षतिग्रस्त स्थिति में मिली थीं, लेकिन उनके भीतर कोई नहीं था। वीरवार को भूस्खलन स्थल से 4 शव मिले, जबकि शुक्रवार को 3 शव निकाले गए। इसके बाद शनिवार को मलबे से 6 शव निकाले गए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को घटनास्थल का दौरा करने के बाद राज्य विधानसभा को बताया था कि 16 लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि उसके बाद अब तक 11 शव बरामद कर लिए गए हैं।