सुबह धूप, पहाड़ों पर दोपहर बाद घिरे बादल, प्रदेश में 2 दिन हल्की बारिश का पूर्वानुमान
शिमला । हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। किन्नौर के रूपी वैली की शिगारचा पंचायत में भारी ओलावृष्टि रिकॉर्ड की गई है। शिगारचा पंचायत के शिगारचा, हुस्वा और डब्लिंग में भारी ओलावृष्टि हुई है। इसके साथ ही रिकांगपिओ में भी एक दो स्थानों पर ओलावृष्टि आंकी गई है। भारी ओलावृष्टि होने से यहां पर सेब सहित अन्य नकदी फसलों को व्यापक नुकसान रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा 16 व 17 जून को भी प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। जबकि 18 व 19 जून को फिर से भारी बारिश, तूफान व ओलावृष्टि होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में 21 जून तक मौसम खराब बना रहेगा।

किन्नौर में सोमवार को अल सुबह यानि 5 बजे ही भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि का क्रम शुरू हो गया था। किन्नौर की शिगारचा पंचायत में करीब 10 मिनट तक ओलावृष्टि रिकॉर्ड की गई है। भारी ओलावृष्टि होने से यहां पर सबसे ज्यादा नुकसान सेब व स्टोन फ्रूट में दर्ज किया गया है। भारी ओलावृष्टि होने से सेब के पौधों में तैयार हो रहे सेब के दाने तक झड़ गए है। इसके अलावा ओलावृष्टि होने से कृषि को भी नुकसान पहुंचा है। किन्नौर के प्रभावित क्षेत्रों के बागवानों का कहना है कि इतनी अधिक व तेज ओलावृष्टि उन्होंने पहले नहीं देखी है।
कुल्लू, मंडी, चंबा, कांगड़ा और शिमला में हुई हल्की बारिश
प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में सोमवार को सुबह के समय मौसम साफ बना रहा। मगर दिन चढ़ने के साथ ही आसमान में बादल घिरने शुरू हो गए थे। बादलों के घिरने के साथ कुल्लू, मंडी, चंबा, कांगड़ा व जिला शिमला के एक दो स्थानों पर हल्की बारिश आंकी गई है। बारिश होने के साथ प्रदेश में ठडी हवाएं भी रिकॉर्ड की गई है। पहाड़ों पर अधिकतम तापमान बीते दिनों के मुकाबले एक डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया है। जबकि मैदानी इलाकों के तापमान में कोई उल्लेखनीय परिवर्तन नहीं आंका गया है।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में आई गिरावट
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान भी कई स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है। खदराला में 5.0, मनाली में 2.0, कुकुमसेरी में 1.3 और केलांग व कांगड़ा में भी हल्की बारिश आंकी गई है। जिससे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है। ऐसे में प्रदेश में जून माह के दौरान भी ज्यादा गर्मी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
प्रदेश में 21 जून तक खराब रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केन्द्र शिमला के मुताबिक प्रदेश में अगामी दिनों के दौरान भी बारिश होगी। 16 व 17 जून को जहंा हल्की बारिश होगी। वहीं 18 व 19 जून को फिर से आंधी के साथ बारिश व ओलावृष्टि होने का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि प्रदेश में 21 जून तक मौसम खराब बना रहेगा।








