रिकांगपिओ। भारत-चीन अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में किन्नौर के धूमती के पास रविवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान अचानक हुए विस्फोट से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल मजदूर का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में चल रहा है। विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच सेना की ओर से की जा रही है।

एक्सकैवेटर से खुदाई के दौरान हुआ विस्फोट
तहसीलदार सांगला हर दयाल सिंह के अनुसार घटना रविवार सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच धूमती के पास हुई। यहां आरती सिविल कंस्ट्रक्शन फर्म की ओर से सीपीडब्ल्यूडी के तहत सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा था। निर्माण कार्य के दौरान एक्सकैवेटर से खुदाई और पत्थर उठाने का काम चल रहा था। इसी बीच अचानक विस्फोट हो गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
रास्ते में ही तोड़ा दम
हादसे में अशोक कुमार (50) निवासी जिला कांगड़ा गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं, भोला साह (23) निवासी बिहार भी विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हुए। उनका क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में उपचार जारी है।
फायरिंग रेंज में होने की बात, सेना कर रही जांच
तहसीलदार के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि जिस स्थान पर सड़क निर्माण के लिए खुदाई और चट्टान तोड़ने का कार्य किया जा रहा था, वह क्षेत्र सेना की फायरिंग रेंज के अंतर्गत बताया जा रहा है। ऐसे में यह जांच का महत्वपूर्ण बिंदु है कि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और संबंधित प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं।
जांच के बाद साफ होगा विस्फोट का कारण
फिलहाल विस्फोट के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट नहीं है। सेना की ओर से घटना की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि विस्फोट किस वजह से हुआ। घटना के बाद संबंधित विभागों ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और संभावित लापरवाही से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।








