किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। रांगले के समीप पुराना हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग पर एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में पिकअप चालक लवीस की मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार सुबह घटना का पता चलने के बाद पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को खाई से बाहर निकाला।

मीरू से रुनंग की ओर जा रहा था चालक
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान लवीस (27) पुत्र सुखराम, निवासी गांव एवं डाकघर मीरू, तहसील निचार, जिला किन्नौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात करीब 1:15 बजे लवीस पिकअप लेकर मीरू गांव से रुनंग की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुराना हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग पर रांगले के पास वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
सुबह मिली हादसे की जानकारी
रात में हादसा होने के कारण तत्काल इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह घटना का पता चलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से खाई में उतरकर वाहन तक पहुंच बनाई और चालक के शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस की आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद लवीस का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। युवक की अचानक मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद मीरू सहित आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
एसपी किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पिकअप किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरी।







