स्वारघाट। किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर रात के समय टनल नं. 01 मेहला के पास लकड़ी से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिसमें दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका एम्स बिलासपुर में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार गत रात्रि लकड़ी से भरा हुआ ट्रक नं. एचपी-65-3120 सड़क पर पलट गया। जिस कारण लगभग डेढ़ से दो घंटे तक फोरलेन पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिस कारण फोरलेन की दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।

घायल चालक व परिचालक की पहचान बलजीत सिंह उम्र 36 साल पुत्र कुलदीप सिंह, निवासी गांव लोदीपुर साहिब, तहसील आनंदपुर साहिब, जिला रूपनगर पंजाब, जस्सा उम्र 28 साल पुत्र जगतार सिंह, निवासी गांव लोदीपुर साहिब, तहसील आनंदपुर साहिब, जिला रूपनगर पंजाब के रूप में हुई है। दोनों घायलों को सीएचसी स्वारघाट की 108 एम्बुलेंस द्वारा एम्स बिलासपुर ले जाया गया है।
डॉक्टरों के अनुसार दोनों घायलों का उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति अब सुरक्षित बताई जा रही है। हादसे की सूचना पर्यटन एवं यातायात पुलिस थाना भगेड़ को दी गई। सूचना मिलते ही भगेड़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने कहा है कि पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।







