स्वारघाट । किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मैहला टनल के पास एक सडक़ हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार यहां तीन गाडिय़ां आपस में टकरा गईं। बताया जा रहा है कि अचानक ब्रेक लगने और कम दूरी होने के कारण पीछे आ रही गाडिय़ां एक-दूसरे से टकरा गईं। हादसे में किसी भी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है।

घटना के बाद कुछ समय के लिए सडक़ पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सडक़ से हटाकर यातायात को सामान्य कर दिया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि फोरलेन पर वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें और सुरक्षित दूरी बनाकर रखें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।









