सोलन। उप कारागार किशनपुरा नालागढ़ में जेल में बंदियों द्वारा जेल वार्डर पर हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस के अनुसार उप कारागार किशनपुरा नालागढ़ में ड्यूटी के दौरान जेल वार्डर पर हमला किए जाने के मामले में पुलिस थाना मानपुरा में पांच बंदियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शिकायत के अनुसार रोहित कुमार जो उप कारागार किशनपुरा में बतौर जेल वार्डर तैनात हैं और शनिवार को निगरानी ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान पांच बंदियों ने एकजुट होकर अचानक उन पर हमला कर दिया। घटना के दौरान रोहित कुमार को सिर एवं पीठ पर चोटें आईं। शिकायत में यह भी बताया गया है कि जब हवलदार नन्दलाल मौके पर उन्हें बचाने पहुंचे तो उक्त बंदियों द्वारा उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। बाद में अन्य ड्यूटी कर्मियों द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। आरोप है कि उक्त बंदियों द्वारा ड्यूटी में बाधा उत्पन्न करने के साथ-साथ जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इस संबंध में पुलिस थाना मानपुरा में भारतीय न्याय संहिता एवं परिजंस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में आगामी अन्वेषण कार्यवाही जारी है।-अशोक वर्मा, एएसपी बदी।







