हिमाचल दस्तक ब्यूरो। नाहन
सिरमौर जिले में 17 मई से 18 से 44 वर्ष के लोगों को कोविड टीका लगाया जाएगा। इसके लिए 17 साइटों पर रजिट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बिना रजिस्ट्रेशन के किसी भी व्यक्ति को यह टीका नहीं लगाया जाएगा। यह बात शनिवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उपायुक्त सिरमौर डॉ. आरके परुथी ने कही। उन्होंने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के बीच सरकार और प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे 17 मई से साइटों पर रजिस्ट्रेशन करवाएं, ताकि टीकाकरण की प्रक्रिया को सरल किया जा सकें।
डॉ. परुथी ने सख्ती से आदेश जारी करते हुए कहा कि एमसी एरिया में गलिया में कहीं पर भी सब्जी की दुकान नहीं खोली जाएगी। इसके लिए प्रशासन ने चौगान मैदान में सब्जी की दुकानें खोलने का निर्णय लिया है। जो सब्जी विके्रता दुकान खोलना चाहता है, वह एसडीएम के पास आवेदन कर सकता है। उन्होंने कहा कि अकसर देखने में आया है कि बाजार में सबसे अधिक सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां बाजार और गलियों में स्थित सब्जियों की दुकानों पर उड़ती हैं। ऐसे में प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि शहर में अन्य किसी भी जगह पर कोई सब्जी की दुकान नहीं खुलेगी। यदि ऐसा करते कोई दुकानदार पाया जाता है तो उस पर जुर्माना करके कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उपायुक्त सिरमौर ने कहा कि बीते सप्ताह की बाबत इस सप्ताह कोरोना संक्रमण के मामले में कमी आई है। सिरमौर जिले की 259 पंचायतों में 58 पंचायतें ऐसी हैं, जहां पर अभी तक कोरोना संक्रमण का एक भी मामला नहीं है। इन पंचायतों में बाहर से आने वालों लोगों पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि संक्रमण न फैंले। उन्होंने कहा जिन पंचायतों में अधिक मामले हैं वहां पर लोगों को होम आइसोलेट किया गया है। जिनके पास होम आइसोलेशन की सुविधा नहीं है, उन्हें संबंधित उपमंडल स्तर पर बनाए गए आइसोलेशन सेंटरों में शिफ्ट किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सिरमौर जिले में आक्सीजन युक्त बैडों की माकूल व्यवस्था है। वहीं अब डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज में आक्सीजन का पीएसए प्लांट भी शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज नाहन में 72 बैड की कैपेसिटी है। इसे बढ़ाया जा रहा है। इसे जल्द ही 100 बैड का किया जा रहा है। डॉ. परुथी ने लोगों से अपील की कि वे कोविड नियमों का पालन करें। सोशल डिस्टेंसिग का पालन करें। बेवजह घर से बाहर न निकलें।








