कुल्लू । आबकारी विभाग ने कुल्लू जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कुल्लू-मनाली फोरलेन मार्ग पर जरड़ के समीप विभाग ने एक ट्रक से पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित 500 पेटी बीयर बरामद की है। इस खेप में कुल 7,200 बोतलें शामिल हैं। विभाग ने ट्रक को जब्त कर लिया है और भुंतर पुलिस थाना में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार वीरवार आबकारी विभाग की एक टीम जरड़ (जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के समीप) में नियमित नाकाबंदी कर वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को संदेह के आधार पर जांच के लिए रोका गया। जब टीम ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में बीयर की पेटियां लदी पाईं गईं। इस दौरान जब विभागीय अधिकारियों ने ट्रक चालक से शराब के परिवहन से संबंधित पास, परमिट या अन्य कोई वैध दस्तावेज मांगे तो वह मौके पर कोई संतोषजनक जवाब या कागज पेश नहीं कर सका।
विभागीय कार्रवाई के बाद ट्रक और बरामद बीयर को कब्जे में ले लिया गया है। इस संबंध में भुंतर पुलिस थाना में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
राज्य कर एवं आबकारी विभाग (कुल्लू) के उपायुक्त ने इस कार्रवाई के लिए विभागीय अधिकारियों की सतर्कता की सराहना की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि राजस्व की चोरी और हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब के परिवहन या व्यापार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शराब माफिया और इस अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ विभाग का यह चैकिंग और प्रवर्तन अभियान भविष्य में भी सख्ती से जारी रहेगा।








