कुल्लू। जिला कुल्लू में इस बार खुमानी और सब्जियों के अच्छे दाम मिलने से बागवानों और किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। घाटी के विभिन्न क्षेत्रों में इन दिनों खुमानी की तुड़ाई और सब्जियों की बिक्री का कार्य तेजी से चल रहा है। मंडियों और स्थानीय बाजारों में फलों व ताजी सब्जियों की अच्छी मांग के चलते किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है।

इस बार बाजार में मिल रहे बेहतर दाम
बागवानों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों की तुलना में इस बार बाजार में बेहतर दाम मिल रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिली है। अनुकूल मौसम के कारण खुमानी की गुणवत्ता भी अच्छी रही है। वहीं टमाटर, मटर, गोभी, शिमला मिर्च सहित अन्य हरी सब्जियों के दाम भी संतोषजनक बने हुए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में लोग बागवानी और सब्जी उत्पादन पर निर्भर
जिला कुल्लू के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग बागवानी और सब्जी उत्पादन पर निर्भर हैं। ऐसे में फलों और सब्जियों के अच्छे दाम मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। किसान सुबह से ही अपनी उपज लेकर मंडियों तक पहुंच रहे हैं, जहां व्यापारियों द्वारा अच्छी खरीद की जा रही है।
बेहतर सुविधाएं करवाई जाएं उपलब्ध
सब्जी मंडी भुंतर के प्रधान नीमे राम ने कहा कि इस बार खुमानी और सब्जियों के अच्छे दाम मिलने से बागवान काफी खुश हैं। उन्होंने बताया कि मंडियों में लगातार अच्छी आवक हो रही है और बाहरी राज्यों से भी फलों व सब्जियों की मांग बनी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में भी किसानों और बागवानों को इसी तरह अच्छे दाम मिलते रहेंगे। बागवानों ने सरकार और संबंधित विभागों से मांग की है कि फलों और सब्जियों के भंडारण, पैकिंग और परिवहन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं ताकि उन्हें भविष्य में भी अपनी मेहनत का सही मूल्य मिल सके।








