कुल्लू। पर्यटन नगरी कुल्लू के बबेली स्थित राफ्टिंग प्वाइंट में आग लग गई। इस हादसे में राफ्ट संचालकों को करीब 34 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग की यह घटना रविवार रात करीब एक बजे हुई।

स्थानीय निवासी एवं राफ्ट संचालक पप्पू ठाकुर, दलीप जम्वाल तथा केहर सिंह ने बताया कि रविवार शाम करीब छह बजे राफ्टिंग गतिविधियां समाप्त होने के बाद राफ्ट को नदी किनारे सुरक्षित रखा गया था। देर रात करीब 12 बजकर 9 मिनट पर उन्हें वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही राफ्ट संचालक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। तब तक कई राफ्टें आग की चपेट में आ चुकी थीं। लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया और आग को अन्य राफ्टों तथा आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोका। उधर, पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने कहा कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
क्या है आग लगने का कारण
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण लोगों द्वारा जलाए गए कूड़ा-कचरे और सूखी पत्तियों में लगी आग का राफ्टिंग प्वाइंट तक पहुंचना बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार प्रभावित लोगों ने किसी भी व्यक्ति पर संदेह व्यक्त नहीं किया है।








