कुल्लू। कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क हादसा सामने आया है। पतलीकूहल पुलिस थाना के समीप एक तेज रफ्तार बाइक पुल की रेलिंग से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पुल पर ही गिर गई, जबकि दोनों युवक उछलकर नीचे बह रहे बडाग्रां नाले में जा गिरे। हादसा मंगलवार देर रात पेश आया।

जानकारी के अनुसार घटना का खुलासा तब हुआ जब बंजार उपमंडल के थ्रींबला गांव निवासी प्रशांत अपने दोस्त विनय कुमार के साथ पराशर से मनाली लौट रहे थे। रात करीब 11:40 बजे जब वे पतलीकूहल थाने के पास पुल से गुजरे तो उन्होंने सड़क पर एक बाइक (एचपी 34ई-6538) गिरी हुई देखी। किसी अनहोनी की आशंका के चलते जब उन्होंने मोबाइल की रोशनी से पुल के नीचे देखा तो पानी में एक व्यक्ति पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस थाना पहुंचकर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से नाले में रेस्क्यू और तलाशी अभियान शुरू किया। दोनों को बाहर निकालने के बाद उनकी पहचान कृपा राम और विक्रम के रूप में हुई है, जिनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। कुल्लू के एसपी मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इस दुर्घटना के संदर्भ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।








