कुल्लू। जिला कुल्लू में पतलीकूहल के समीप कशेरी क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते कशेरी नाला उफान पर है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात कुल्लू की गड़सा घाटी के हुरला-फांचा नाले में बादल फटा है, जिससे पतलीकूहल की पनगां पंचायत के कशेरी नाला में बाढ़ आने से एक पुलिया बह गई, जिससे गांव का संपर्क टूट गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कल से करीब 43 लोग नाले के दूसरी ओर फंसे हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोग अपने स्तर पर एक-एक कर सुरक्षित गांव तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। इतना ही नहीं, ग्रामीण स्वयं अस्थायी पुली (पुल) का निर्माण करने में जुटे हैं ताकि आवाजाही किसी तरह बहाल हो सके।
प्रशासन ने नहीं किया निरीक्षण
लोगों का कहना है कि घटना के बाद प्रशासन या लोक निर्माण विभाग का अब तक कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। केवल पटवारी का फोन आया, जिसमें उन्होंने स्थिति की जानकारी ली, लेकिन मौके पर कोई राहत या निरीक्षण नहीं किया गया। उन्होंने जिलाधीश कुल्लू और एसडीएम मनाली से तत्काल मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने तथा लोगों की सुरक्षा और आवाजाही की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।








