कुल्लू। सदर थाना कुल्लू के अंतर्गत एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक द्वारा बंदूक के दम पर लोगों को धमकाने और हवाई फायरिंग करने से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता गंगा राम निवासी डुघीलग, जिला कुल्लू ने बताया कि तीन अप्रैल को वह गणेश के घर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान आरोपित विवेक सोनी पुत्र राजेंद्र सोनी निवासी डुघीलग वहां बंदूक लेकर पहुंचा और शराब के नशे में काकू नामक व्यक्ति के साथ बहस करने लगा। उस समय मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया।

हालांकि, चार मई को दोपहर करीब 1:30 बजे आरोपित दोबारा गंगा राम के घर के बाहर बंदूक लेकर पहुंच गया। इस दौरान उसने गंगा राम को जान से मारने की धमकी दी और लोगों को डराने के उद्देश्य से हवा में गोली चला दी। गोली चलने की आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सहम गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और क्या वह लाइसेंसी था या नहीं।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।-मदन लाल कौशल, पुलिस अधीक्षक, कुल्लू।








