कुल्लू। जिले के पतलीकूहल क्षेत्र के भट कराल गांव में वीरवार को एक रिहायशी मकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में घर का सामान और 3 कमरे जलकर राख हो गए, लेकिन गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। फायर पोस्ट पतलीकूहल को सुबह 7:55 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। फायर स्टेशन से घटनास्थल की दूरी करीब 19.5 किलोमीटर थी, जिसे तय कर टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। आग के कारण मकान के ग्राऊंड फ्लोर पर बने तीन कमरे, रसोईघर, एमसीबी बॉक्स और घरेलू सामान पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गए हैं।
आग लगने से हुआ 1 लाख का नुकसान
आग लगने से लगभग 1 लाख रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हालांकि, फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई के चलते करीब 20 लाख रुपए की संपत्ति को जलने से बचा लिया गया।








