पतलीकूहल । कुल्लू जिले के नग्गर रोड स्थित फार्म क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक पैदल राहगीर की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी ओमप्रकाश निवासी छनाल्टी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि दिल्ली नंबर की एक कार (डीएल12सीयू0584) के चालक ने तेज रफ्तारी और कथित रूप से नशे की हालत में वाहन चलाते हुए सड़क किनारे जा रहे रामकृष्ण 60 वर्षीय नामक व्यक्ति को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार टक्कर के बाद वाहन चालक राहगीर को कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद चालक वाहन सहित भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे कुछ दूरी पर रोक लिया। चालक की पहचान विक्रांत विज (29 वर्ष), निवासी करोल बाग, नई दिल्ली के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल ने इस की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच जारी ।








