कुल्लू । जिला कुल्लू की पल्म सब्जी मंडी में इन दिनों पल्म (प्लम) की अच्छी आवक देखने को मिल रही है। बंदरोल सब्जी मंडी में उच्च गुणवत्ता वाली पल्म 100 रुपये प्रति किलो तक के भाव पर बिक रही है, जिससे क्षेत्र के बागवानों में खुशी का माहौल है। अच्छी कीमत मिलने से बागवानों को अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है और इस सीजन से बेहतर आय की उम्मीद भी बढ़ गई है। पिछले कुछ दिनों से लगातार बागवान अपनी उपज मंडी में लेकर पहुंच रहे हैं।

सीजन आर्थिक दृष्टि से काफी लाभदायक होगा साबित
मंडी में स्थानीय व्यापारियों के साथ-साथ बाहरी राज्यों के खरीदार भी पल्म की खरीदारी कर रहे हैं, जिससे फलों की मांग बनी हुई है। मांग अधिक होने और गुणवत्ता बेहतर रहने के कारण फलों के दाम भी संतोषजनक मिल रहे हैं। बागवानों का कहना है कि पूरे साल बागानों की देखभाल, सिंचाई, दवाइयों और मजदूरी पर काफी खर्च आता है। ऐसे में जब मंडी में फसल के अच्छे दाम मिलते हैं तो उनकी मेहनत सफल होती दिखाई देती है। उनका कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी बाजार में यही रुझान बना रहा तो इस बार का सीजन आर्थिक दृष्टि से काफी लाभदायक साबित होगा।
बाजार में अच्छी गुणवत्ता वाले पल्म की मांग ज्यादा
मंडी से जुड़े व्यापारियों का भी कहना है कि बाजार में अच्छी गुणवत्ता वाली पल्म की मांग लगातार बनी हुई है। मौसम अनुकूल रहने और बेहतर उत्पादन के चलते इस बार मंडी में अच्छी आवक दर्ज की जा रही है। वहीं बागवानों ने सरकार और बागवानी विभाग से मांग की है कि फलों के विपणन की व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य लगातार मिलता रहे। फिलहाल 60 से 100 रुपये तक पल्म के दाम बा$गबानों को मिल रहे हैं । अच्छे दाम मिलने से कुल्लू जिले के बागवानों में उत्साह का माहौल है और वे उम्मीद जता रहे हैं कि आने वाले दिनों में भी मंडी में पल्म के भाव इसी तरह बने रहेंगे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी।
सब्जी मंडी में इन दिनों पल्म के दाम 60 से 100 रुपए प्रति किलो तक बिक रहे हैं ।अच्छे दाम मिलने से बागबान भी खुश है।-नारायण ठाकुर, प्रधान, बंदरोल सब्जी मंडी।








