कुल्लू। आनी पुलिस ने चैकिंग के दौरान एक कार से 7 किलोग्राम चरस की बड़ी खेप बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने हरियाणा के रहने वाले एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी अनुसार कुल्लू जिले के आनी पुलिस थाना की टीम ने हरियाणा नंबर की एक कार को जांच के लिए रोका। कार में एक पुरुष और एक महिला सवार थी। जब पुलिस ने संदेह के आधार पर कार और दोनों सवारों की गहनता से तलाशी ली, तो गाड़ी के अंदर से 7 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
चरस मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मादक पदार्थ को अपने कब्जे में ले लिया और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही, नशा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही उक्त कार को भी जब्त कर लिया। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।








