कुल्लू । कुल्लू जिले के रायसन में आभूषण और बर्तन चमकाने के बहाने शातिरों ने एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बना लिया है। शातिर करीब 4 लाख रुपये का सोना उड़ाकर रफूचक्कर हो गए हैं। वहीं पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार रायसन निवासी 73 वर्षीय एक महिला के घर में 2 अज्ञात व्यक्ति पहुंचे। उन्होंने अपना परिचय कैमिकल से सोने-चांदी के आभूषण और घर के बर्तन चमकाने वाले के रूप में दिया। विश्वास जीतने के लिए शातिरों ने पहले महिला की चांदी की पायल को साफ कर उसे चमका दिया। जब बुजुर्ग महिला उनके इस जुगाड़ पर विश्वास कर बैठी तो उसने अपनी सोने की चार चूड़ियां साफ करने के लिए उन्हें दे दीं।
शातिरों ने चारों सोने की चूड़ियों पर कैमिकल लगाया और महिला से कहा कि इन्हें चार घंटे तक फ्रिज में रखना होगा, तभी जाकर वे पूरी तरह चमकेंगी। महिला ने चूड़ियां फ्रिज में रख दीं और जब 4 घंटे बाद उन्हें बाहर निकाला, तो हक्का-बक्का रह गई। चूड़ियों का वजन 60 ग्राम से घटकर मात्र 27.90 ग्राम रह गया था।
महिला ने आरोप लगाया कि कैमिकल के जरिए शातिरों ने चूड़ियों से करीब 4 लाख रुपये का सोना निकाल लिया है। एसपी मदन लाल ने केस दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि शातिरों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर जांच तेज कर दी गई है।







