पीज मार्ग पर सड़क हादसे ने मचाई अफरातफरी, ग्रामीणों ने शुरू किया रैस्क्यू ऑपरेशन
कुल्लू । कुल्लू जिले के पीज मार्ग पर बागन के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां सवारियों से भरी एक टाटा सूमो गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 9 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के समय वाहन में करीब 12 लोग सवार थे।

एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि मृतकों की पहचान कला देवी (40) पत्नी सुरेन्द्र, मैना देवी (37) पत्नी देवी सिंह व कला देवी पत्नी बुद्धि सिंह (40) के रूप में हुए है। घायलों की पहचान चालक जय सिंह (43), सावित्रा (45), अंजू (26), मुला देवी (39), कमला (35), अय्यांश (6), तारा ठाकुर (25), प्रोमिला देवी (35), व चैतरु (37) निवासी भेदार, तहसील व जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
वहीं गाड़ी के खाई में गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और बिना समय गंवाए रैस्क्यू ऑप्रेशन शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद 9 घायलों को खाई से बाहर निकाला और उन्हें तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू भेज दिया है। ये लोग कुल्लू से पैतृक गांव पीज वेधार में पंचायत चुनाव में मतदान करने गए थे। मतदान करने के बाद जब ये लोग वापस कुल्लू आ रहे थे तो हादसे का शिकार हो गए।

एसपी कुल्लू मदन लाल ने इस हादसे की पुष्टि की है। फिलहाल पुलिस हादसे के असल कारणों की गहनता से छानबीन कर रही है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों (तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही) की जांच की जा रही है।
वहीं हादसे की सूचना मिलते ही उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा, एसपी मदन लाल भी मौका पर पहुंच गए। वहीं सूचना मिलते ही तहसीलदार अनिल कुमार अपने स्टाफ के साथ क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंच गए जहां उन्होंने मृतकों के परिवारों को 20 – 20 हजार रुपए, रेफर हुए दो घायलों को 10 – 10 हजार रुपए तथा घायलों को 5 – 5 हजार रुपए राहत राशि प्रदान की गई।








