कुल्लू। कुल्लू जिले के बजौरा से सटी गड़सा वैली के सचाणी गांव में एक विवाहिता द्वारा ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका ने कीटनाशक निगल कर अपनी जान दे दी। पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार सचाणी निवासी 40 वर्षीय दिल्ली देवी पत्नी संगत राम ने अज्ञात कारणों से जहर खा लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे गंभीर अवस्था में पहले सीएच तेगुबेहड़ में भर्ती करवाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सा अधिकारी ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रैफर कर दिया। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में महिला की गंभीर हालत को देखते हुए 28 जून को उसे लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक मंडी भेजा गया, जहां से उसे आगे एम्स बिलासपुर के लिए रैफर कर दिया गया। एम्स बिलासपुर में 28 जून को ही इलाज के दौरान दिल्ली देवी ने दम तोड़ दिया।
मृतका की माता रामी देवी ने पुलिस को दिए अपने बयान में ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दिल्ली देवी ने अपनी मां को बताया कि उसकी सास उर्मिला देवी और देवर सुंदर सिंह उसे बिना वजह परेशान करते हैं। एक जमीनी विवाद और सास-देवर की लगातार मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर ही उसने घास में छिड़कने वाली दवाई (जहर) खाई है।
बेटी के आखिरी बयान के आधार पर माता रामी देवी ने सास उर्मिला देवी और देवर सुंदर सिंह पर बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। कुल्लू के एसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गहनता से जांच की जा रही है।








