लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश में मॉनसून सीजन के आगाज के साथ ही मौतों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। अब एक और घटना में कंडक्टर की मौत हो गई। लाहौल-स्पीति के करपट क्षेत्र में यह घटना पेश आई है और हादसे में हिमाचल पथ परिवहन निगम के कंडक्टर ज्ञान सिंह की मौत हो गई। मृतक ज्ञान चंद मंडी के लड़भड़ोल के पंजालाग गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में केलांग डिपो में परिचालक के पद पर कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार लाहौल घाटी के उदयपुर में सुबह करपट-धोनंधल नाले के पास ज्ञान चंद मुंह और हाथ धो रहे थे और इसी बीच अचानक ऊपर से पत्थर गिर गया औऱ उनके सिर पर जा टकराया और उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद उनका पार्थिव शरीर केलांग अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक निवास भेजा जाएगा।
बताया जा रहा है कि बुधवार को एचआरटीसी की बस उदयपुर से मयाड़ घाटी के खंजर रूट के लिए जा रही थी और इस बीच मार्ग बाधित होने की वजह से करपट से आगे नहीं जा पाई। हालांकि, गुरुवार सुबह बस वापस उदयपुर की ओर लौट रही थी तो हादसा हो गया।








